डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ का सघन चेकिंग अभियान, सुरक्षा व्यवस्था पर सख्त निगरानी
चंदौली : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डीडीयू जंक्शन पर एक विशेष संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सीनियर कमांडेंट जतिन बी. राज के दिशा-निर्देशन में तथा आरपीएफ पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
यह सघन चेकिंग अभियान बुधवार की शाम 5 बजे से शुरू होकर 6:30 बजे तक चला, जिसमें डीडीयू पोस्ट के अधीनस्थ अधिकारियों व सुरक्षाकर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान आरपीएफ की टीमें डीडीयू स्टेशन के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चेकिंग के लिए तैनात रहीं।
अभियान के दौरान आने-जाने वाली ट्रेनों की गहन जांच की गई। प्लेटफॉर्म क्षेत्र, फुट ओवर ब्रिज, पोर्टिको एरिया और स्टेशन की पार्किंग को विशेष रूप से चेक किया गया। इसके साथ ही स्वान दस्ते की सहायता से भी संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों का निरीक्षण किया गया, जिससे किसी प्रकार की अवांछनीय सामग्री या गतिविधि का पता लगाया जा सके।
आरपीएफ द्वारा की गई गहन निगरानी और सक्रियता के चलते पूरे स्टेशन परिसर में सुरक्षा का मजबूत संदेश गया। चेकिंग के उपरांत सभी क्षेत्रों में सामान्य स्थिति पाई गई, जिससे यात्रियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और भी प्रगाढ़ हुआ।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी समय-समय पर जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन से सहयोग अपेक्षित है ताकि रेलवे परिसर को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाए रखा जा सके।
इस चेकिंग अभियान से यह स्पष्ट हुआ कि आरपीएफ अपराध और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।


















