फार्मासिस्ट मनोज सेठ की हृदयगति रुकने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत मथेला में बुधवार की शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। खण्डवारी गांव निवासी 43 वर्षीय मनोज कुमार सेठ की अचानक हृदयगति रुक जाने से मौत हो गई। वे सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थे। उनकी असमय मौत से परिजनों के साथ-साथ गांव और स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
तबीयत खराब होने के बावजूद जा रहे थे ड्यूटी
मनोज सेठ पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे, लेकिन इसके बावजूद वे अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित थे। बुधवार की शाम को भी वे अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। रास्ते में मथेला में स्थित पेट्रोल पंप पर उन्होंने बाइक में तेल भरवाया। इसके बाद जैसे ही वे हाईवे पर आगे बढ़े और बाइक खड़ी कर उतरे, वे अचानक जमीन पर गिर पड़े।
ग्रामीणों ने पहुंचाई मदद, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना स्थल के पास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत उठाकर एम्बुलेंस की मदद से चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है।
घर में पसरा मातम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मनोज सेठ के निधन की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। पिता विशेश्वरनाथ सेठ, माता राजकुमारी देवी, पत्नी रेखा देवी, बेटियां प्रियंका और रितिका, बेटा प्रियांशु, छोटा भाई दिलीप और सबसे छोटा भाई नरेंद्र गहरे शोक में डूब गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। आसपास के लोग भी परिजनों को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर
मनोज सेठ एक मेहनती और जिम्मेदार फार्मासिस्ट के रूप में जाने जाते थे। उनके सहयोगी उन्हें बेहद ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ मानते थे। उनकी असमय मृत्यु से सीएचसी सकलडीहा में भी शोक का माहौल है।


















