मथेला बीआरसी पर कल सजेगा शिक्षा और सम्मान का भव्य मंच, सेवानिवृत्त शिक्षकों का होगा सामूहिक सम्मान, जिलाध्यक्ष ने दी जानकारी

273

मथेला बीआरसी पर कल सजेगा शिक्षा और सम्मान का भव्य मंच, सेवानिवृत्त शिक्षकों का होगा सामूहिक सम्मान, जिलाध्यक्ष ने दी जानकारी

चंदौली : जनपद के चहनियां क्षेत्र स्थित मथेला बीआरसी परिसर आज शिक्षा और सम्मान का केंद्र बनने जा रहा है। यहां ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम के साथ-साथ सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में सामूहिक समारोह का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों संग जनप्रतिनिधियों का जुटेगा जमावड़ा

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा चंदौली राणा प्रताप सिंह, प्रभारी विधानसभा सकलडीहा सूर्यमुनी तिवारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंदौली सचिन कुमार अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। समारोह की अध्यक्षता जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चंदौली के प्राचार्य वियाकल भारती करेंगे।

शिक्षकों के सम्मान से नई पीढ़ी को मिलेगा प्रेरणा का संदेश

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जहां एक ओर ‘स्कूल चलो अभियान’ के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा के क्षेत्र में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित कर उनके कार्यों को सराहना भी है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया जाएगा, जिससे वर्तमान शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलेगी।

राष्ट्रीय शैक्षिक संघ की पहल से शिक्षा जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा

राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में शिक्षकों के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी अभिभावकों, छात्रों और क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाएं।

बड़ी संख्या में लोग रहेंगे मौजूद

इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजक खंड शिक्षा अधिकारी एस. पी. सहाय, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहेंगे, जिससे यह आयोजन एक सामाजिक एवं शैक्षिक महोत्सव का रूप लेगा।