चंदौली में ‘ऑपरेशन क्लीन’ का बड़ा असर, 1781 लीटर अवैध शराब नष्ट, कीमत करीब 12 लाख रुपये

44

चंदौली में ‘ऑपरेशन क्लीन’ का बड़ा असर, 1781 लीटर अवैध शराब नष्ट, कीमत करीब 12 लाख रुपये

चंदौली : जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत थाना बलुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 मुकदमों से संबंधित कुल 1781 लीटर अवैध अंग्रेजी व देशी शराब का विधिवत विनष्टीकरण कराया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चल रहे इस अभियान को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना बलुआ पुलिस ने यह कार्रवाई की।

बताया गया कि बलुआ थाना क्षेत्र में विभिन्न अभियोगों के तहत पकड़ी गई अवैध शराब को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नष्ट किया गया। यह कार्रवाई सिविल जज (जूडी) एफटीसी द्वितीय न्यायिक मजिस्ट्रेट चंदौली के आदेश के क्रम में गठित टीम की मौजूदगी में पूरी की गई।

ऐसे किया गया विनष्टीकरण

थाना परिसर में गड्ढा खोदकर पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और उसी में शराब को नष्ट किया गया। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर ब्रांड की एक-एक सैंपल बोतल को रासायनिक परीक्षण हेतु सुरक्षित मालखाने में रखवाया गया।

अवैध कारोबार पर सख्ती जारी

पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। “ऑपरेशन क्लीन” के जरिए ऐसे तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत हो और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

टीम की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

इस दौरान अभियोजन अधिकारी विजय पाण्डेय, कार्यालय लिपिक महेश कुमार, आबकारी निरीक्षक दीपक ओझा, थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनन्त कुमार भार्गव और हेड कांस्टेबल सैय्यद सरताज सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।