चंदौली में सनसनीखेज वारदात, शराब ठेके के बाहर युवक की पीट-पीटकर हत्या, दुर्घटना बताकर लीपापोती का आरोप, सीसीटीवी से खुला राज
चंदौली : अपराध की बढ़ती घटनाओं से जूझ रहे चंदौली जिले में एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सैयदराजा थाना क्षेत्र के काजीपुर स्थित सरकारी शराब ठेके के बाहर शनिवार देर रात आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां कुछ युवकों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर मौत के घाट उतार दिया। वही घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में पुलिस आ गई और तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों नकी तलाश में जुटी हुई है। वही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
घटना 23 नवंबर की रात लगभग 9:30 बजे की बताई जा रही है। कुंभापुर निवासी पियूष सिंह उर्फ छोटू अपने मित्र विनायक के साथ काजीपुर गांव के सरकारी शराब ठेके पर पहुंचा था। इसी दौरान ठेके के बाहर चखने की दुकान के पास विनय यादव अपने चार-पांच साथियों के साथ पहले से मौजूद था। आरोप है कि विनय और उसके साथियों ने दोनों युवकों को रोककर लाठी-डंडों और खाली शराब की बोतलों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए और घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने पियूष को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विनायक को तत्काल ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।
परिजनों का आरोप – योजना बनाकर की गई हत्या
मृतक के परिवारजन जिला अस्पताल पहुंचते ही फफक पड़े। पिता ने आरोप लगाया कि विनय यादव और उसके साथियों ने लंबे समय से विवाद खड़ा कर रखा था और इसी कड़ी में सुनियोजित तरीके से उनके बेटे की हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार आरोपी पहले से घात लगाए बैठे थे।
पुलिस पर लीपापोती के आरोप
इस घटना के बाद पुलिस की भूमिका भी कटघरे में है। परिजनों का कहना है कि स्थानीय पुलिस शुरू में इस गंभीर मारपीट की वारदात को सड़क दुर्घटना बताकर दबाने की कोशिश कर रही थी। उनका आरोप है कि यदि सही समय पर कार्रवाई होती तो कुछ आरोपी फरार नहीं हो पाते। घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के आरोपों के बाद मामला उजागर हुआ, तब पुलिस हरकत में आई।
दो आरोपी हिरासत में, बाकी की तलाश जारी
इस बाबत सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि शेष की तलाश तेज कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की कार्यशैली और अपराधियों के बढ़ते हौसले को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।


















