डीडीयू जंक्शन पर मालगाड़ी में लगी आग, बड़ा हादसा टला
चंदौली : उत्तर प्रदेश के डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय) जंक्शन पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब रेलवे यार्ड में खड़ी एक मालगाड़ी की बोगी से अचानक धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते धुआं गहरा होता गया और आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं। घटना की सूचना तुरंत रेलवे प्रशासन को दी गई, जिसने बिना देरी किए फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी की जिस बोगी में आग लगी उसमें कोयला लदा हुआ था। कोयला होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बोगी में लगी आग को बुझाने में काफी मशक्कत की। गनीमत रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, वरना यह आग विकराल रूप लेकर आसपास खड़ी अन्य ट्रेनों और यार्ड की संरचनाओं को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
प्रारंभिक जांच में भीषण गर्मी और तेज धूप को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते रेलवे यार्ड में खड़ी ट्रेनों के लिए यह खतरा बना रहता है। रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली है और आग की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही रेलवे कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


















