पटवा समाज को मिली पहचान की नई रौशनी, मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय सेमिनार में शामिल होने की दी सहमति

41

पटवा समाज को मिली पहचान की नई रौशनी, मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय सेमिनार में शामिल होने की दी सहमति

चंदौली : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से रविवार को मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ में अखिल भारतीय देववंशी पटवा समाज के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात समाज की भावी दिशा, पहचान और सामाजिक सहभागिता को लेकर महत्वपूर्ण रही। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 21 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले पटवा सनातन राष्ट्रीय सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में सम्मिलित होने की सहमति प्रदान की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं रुद्राक्ष की माला भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव देववंशी एवं राष्ट्रीय महामंत्री आकाश पटवा ने किया। इस भेंट का आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की पहल पर संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल के प्रत्येक सदस्य से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और समाज की विचारधारा, परंपराओं एवं व्यवसायिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि पटवा समाज सनातनी परंपरा से जुड़ा हुआ एक मेहनतकश समुदाय है, जो वर्षों से विभिन्न जिलों एवं प्रदेशों में व्यापारिक गतिविधियों के माध्यम से समाज की सेवा करता रहा है। बावजूद इसके, अब तक इस समाज को कोई विशिष्ट सामाजिक पहचान नहीं मिल पाई है।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि पटवा समाज का योगदान सराहनीय है और सरकार समाज के उत्थान एवं सम्मान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता को बल मिलता है और जातीय पहचान को एक नई दिशा मिलती है। उन्होंने पटवा समाज के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में समाज के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य करने की बात कही।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री अरविंद पटवा, टीएन पटवा, डा. ईश्वरचंद विद्यासागर पटवा, केपी पटवा, प्रमोद देववंशी, उमेश पटवा मौजूद रहे।

इस महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट ने पटवा समाज के सम्मान और सामाजिक पहचान की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ा है। आगामी सेमिनार में मुख्यमंत्री की उपस्थिति समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।