चलती ट्रेन में रील बनाने के चक्कर में युवक नीचे गिरा, हालत गंभीर
चंदौली : सोशल मीडिया के बढ़ते क्रेज और रील बनाने की होड़ कभी-कभी भारी भी पड़ जाती है। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर सामने आया, जहां चलती ट्रेन में रील बनाने के दौरान एक यात्री गंभीर हादसे का शिकार हो गया। गाड़ी संख्या 12307 हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले युवक जीतेंद्र कुमार गौड़, पिता जंगबहादुर गौड़, निवासी कदारीगंज, थाना दरिगांव, अपने दोस्तों के साथ जयपुर स्थित खाटू श्याम जी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
चलती ट्रेन में सेल्फी लेते समय फिसले
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के डीडीयू स्टेशन से खुलने के कुछ ही देर बाद युवक चलती ट्रेन के गेट के पास पायदान पर बैठकर मोबाइल से रील और सेल्फी बनाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
आरपीएफ की तत्परता से बची जान
सूचना मिलते ही डीडीयू आरपीएफ पोस्ट की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मियों ने घायल को गंभीर हालत में रेलवे लोकों अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक होने के कारण युवक को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
यात्रियों से की अपील
इस पूरे मामले पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में गेट पर बैठने, पायदान पर खड़े होने या रील और सेल्फी बनाने जैसी खतरनाक हरकतों से बचें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है।
सोशल मीडिया के क्रेज ने बढ़ाया खतरा
पिछले कुछ समय से चलती ट्रेनों में रील बनाने, वीडियो शूट करने और सेल्फी लेने के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है। रेलवे प्रशासन और आरपीएफ लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद यात्री अपनी और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालते रहते हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया के चक्कर में की गई लापरवाही जानलेवा हो सकती है।


















