गोबर रखने के विवाद में खूनी संघर्ष, मारपीट के बाद फायरिंग, बुजुर्ग और किशोर घायल, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
चंदौली : कंदवा थाना क्षेत्र के कम्हरियां गांव में मंगलवार की शाम गोबर रखने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें लाठी-डंडे चले और फायरिंग तक हो गई। इस घटना में एक पक्ष के बुजुर्ग शंभू सिंह (74 वर्ष) और उनका 16 वर्षीय पोता यश गंभीर रूप से घायल हो गए। शंभू सिंह के हाथ में गोली लगी है।
सूचना पर सीओ सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने गांव में सर्च ऑपरेशन भी चलाया। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने घटनास्थल से 32 बोर के खोखे भी बरामद किए हैं।
कैसे भड़का विवाद
गांव के ही निवासी मनोज सिंह और बीनू सिंह के बीच लंबे समय से गोबर रखने को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार की शाम यह विवाद फिर भड़क गया। कहा जा रहा है कि पहले कथित गाली-गलौज और कहासुनी हुई, फिर मामला लाठी-डंडों तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी बीच मनोज सिंह पक्ष की ओर से असलहे से फायरिंग की गई, जिससे शंभू सिंह और यश घायल हो गए।
घायल अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद परिजनों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक शंभू सिंह के हाथ में गोली लगी है, जबकि किशोर यश को भी चोटें आई हैं। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही कंदवा थाना पुलिस के साथ-साथ सीओ सदर देवेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित पक्ष बीनू सिंह की तहरीर पर मनोज सिंह, उनके दो बेटों और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ सदर ने बताया कि, “घटना में तीन नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।”
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल को गांव में तैनात कर दिया गया है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।


















