बाइक की आमने-सामने टक्कर में महिला की मौत, पति गंभीर

22

बाइक की आमने-सामने टक्कर में महिला की मौत, पति गंभीर

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के गुरेरा चौराहे पर मंगलवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 46 वर्षीय इन्द्रावती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति 50 वर्षीय शिवपूजन कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, जौनपुर जनपद के केराकत थाना क्षेत्र के छिनौता गांव निवासी शिवपूजन कुशवाहा अपनी पत्नी इन्द्रावती देवी के साथ कमालपुर से मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। गुरेरा चौराहे के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इन्द्रावती देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शिवपूजन गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने इन्द्रावती को मृत घोषित कर दिया, वहीं हालत नाजुक होने पर शिवपूजन को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से बाइक सहित फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।