ह्यूम पाइप युक्त सीसी रोड निर्माण कार्य का चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने किया निरीक्षण
चंदौली : नगर पंचायत चकिया के वार्ड नंबर-1 स्थित इंटर कॉलेज ग्राउंड के बगल में मुड़ीकटवा हनुमान जी वाली गली में निर्माणाधीन ह्यूम पाइप युक्त सीसी रोड का मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में सड़क, जल निकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि “आस्था का सम्मान और विकास का अभियान हमारी प्राथमिकता है। नगर के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।”
वार्ड सभासद बादल सोनकर ने कहा कि मुड़ीकटवा हनुमान जी वाली गली में लंबे समय से बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नगर पंचायत द्वारा कराया जा रहा यह निर्माण कार्य क्षेत्रवासियों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होगा। उन्होंने वार्ड के समग्र विकास के लिए भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कराने का भरोसा दिलाया।
भाजपा नेता शुभम मोदनवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार और नगर पंचायत के नेतृत्व में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। नगर के सभी वार्डों में सड़क, नाली तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि राजू माली ने कहा कि जनता से किए गए विकास के संकल्प को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और चकिया नगर भी इसी सोच के साथ निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।


















