शहीद अरविंद यादव के घर पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष, परिवार को दी सांत्वना, नौकरी दिलाने का भरोसा

64

शहीद अरविंद यादव के घर पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष, परिवार को दी सांत्वना, नौकरी दिलाने का भरोसा

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के पहाड़पुर मोलनापुर गांव में बुधवार की शाम का माहौल गमगीन था। घर के आँगन में बैठा हर शख्स अपने वीर सपूत सीआरपीएफ जवान अरविंद यादव की याद में डूबा था। इसी बीच समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल अपने दल-बल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के बीच बैठकर उनकी पीड़ा को सुना, ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

जम्मू-कश्मीर में हुआ था दर्दनाक हादसा

बताया जाता है कि अरविंद यादव बीते सप्ताह ड्यूटी के दौरान जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जनपद के बसंतगढ़ क्षेत्र के कन्दवा इलाके में अपने साथियों के साथ बस से जा रहे थे। पहाड़ी रास्तों पर चल रही जवानों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि कई जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जिनमें अरविंद यादव भी शामिल थे।

परिवार के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे

शहीद के घर जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे, शोक में डूबे परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। मां-बाप के चेहरे पर बेटे की कुर्बानी का गर्व तो था, लेकिन आँखों में उसकी कमी का दर्द साफ झलक रहा था। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।

नौकरी दिलाने का आश्वासन

परिजनों से मुलाकात के दौरान श्यामलाल पाल ने कहा
“आपका बेटा पूरे देश का बेटा था। उसकी कुर्बानी हमेशा याद रखी जाएगी। मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर यह प्रयास करूंगा कि आपके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाई जाए, ताकि घर की आर्थिक स्थिति संभल सके।”

गांव में उमड़ा जनसैलाब

इस मौके पर आदिवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास जी गौड़, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, विधानसभा अध्यक्ष सुभाष यादव, जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र यादव, सुरेंद्र मौर्य, तौकीर अहमद, सैफ अहमद, संतोष यादव, तूफानी यादव, राजेश यादव, धर्मेंद्र यादव, अनिल चौहान, धनंजय यादव, प्रभात यादव, हरदेव कुशवाहा, रामविलास फौजी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

गांव में शोक और गर्व का मिला-जुला माहौल

गांव के बुजुर्गों ने अरविंद को याद करते हुए बताया कि वे बचपन से ही देश सेवा का सपना देखते थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सेना में भर्ती होकर पूरे परिवार और गांव का नाम रोशन किया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई, लेकिन साथ ही लोगों की आंखों में उनके साहस और बलिदान का गर्व भी था।

नेताओं के पहुंचने पर ग्रामीणों ने शहीद जवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और “अरविंद यादव अमर रहे”
“भारत माता की जय” नारे लगाए।