होली पर्व के मद्देनजर दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर आरपीएफ का जागरूकता अभियान

87

होली पर्व के मद्देनजर दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर आरपीएफ का जागरूकता अभियान

चंदौली : आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम द्वारा दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत रेल यात्रियों को चोरों, उच्चकों और नशाखुरानी गिरोह से सतर्क रहने की सलाह दी गई।

किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 139 पर करें कॉल

आरपीएफ टीम ने यात्रियों को जागरूक करते हुए उन्हें यह बताया कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की चीज़ें न लें, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें और अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें। साथ ही, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। वही आरपीएफ टीम ने स्टेशन परिसर और ट्रेन के अंदर जाकर यात्रियों को जागरूक किया और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करने की सलाह दी। यात्रियों से यह भी आग्रह किया गया कि यदि वे किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखें तो तुरंत आरपीएफ या रेलवे अधिकारियों को सूचित करें। सुरक्षा बलों ने यात्रियों के बीच पर्चे बांटे और उन्हें सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं।

सीसीटीवी कैमरे से निगरानी

रेलवे प्रशासन ने बताया कि होली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। गश्त बढ़ा दी गई है और स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी तेज कर दी गई है। आरपीएफ का यह अभियान यात्रियों को सुरक्षित और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि होली के दौरान बढ़ती भीड़ के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं, इसलिए सभी यात्रियों को सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत सुरक्षा बलों से संपर्क करने की जरूरत है।

अभियान में उपनिरीक्षक आर.एन. राम, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, पी.एन. राय, एस.सी. नादर, आरक्षी सत्येंद्र सिंह, भूपेंद्र यादव, अशोक कुमार और महिला आरक्षी संगीता सहित अन्य सुरक्षा कर्मी शामिल रहे।