आंधी-तूफान से चकिया नगर में भारी नुकसान, राहत कार्य में युद्धस्तर पर जुटी नगर पंचायत टीम

109

आंधी-तूफान से चकिया नगर में भारी नुकसान, राहत कार्य में युद्धस्तर पर जुटी नगर पंचायत टीम

चंदौली : बीते दिन आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम ने नगर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई, जिससे कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों, बिजली के खंभों और तारों पर गिर गए। इस प्राकृतिक आपदा से नगर के ठाकुर बाग और नवनिर्मित पार्क समेत विभिन्न इलाकों में व्यापक नुकसान हुआ, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और कई जगहों पर आवागमन तथा विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत चकिया की टीम तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। नगर के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में गिरे हुए पेड़ों को हटाने, बाधित मार्गों को सुचारु करने और आमजन को राहत पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर लगातार जारी रहा।

नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा और सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने बताया कि हर प्रभावित क्षेत्र में तेजी से राहत कार्य कराया जा रहा है और नगर पंचायत की पूरी टीम पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ मैदान में डटी हुई है।

राहत कार्य के दौरान चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव के साथ संदीप गुप्ता, विजय विश्वकर्मा, शुभम मोदनवाल और राजू माली सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं पूरी टीम मौके पर मौजूद रही और राहत कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देने में जुटी रही।

नगरवासियों ने भी नगर पंचायत की तत्परता की सराहना करते हुए राहत कार्य में सहयोग देने वाले सभी कर्मियों का आभार व्यक्त किया।