रबी फसल की बुआई को लेकर कृषि विभाग की तैयारी तेज, अनुदान पर मिलेंगे बीज

1

रबी फसल की बुआई को लेकर कृषि विभाग की तैयारी तेज, अनुदान पर मिलेंगे बीज

चंदौली : रबी फसलों की समयबद्ध बुआई सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। किसानों को सरसों, चना, मटर, मसूर, तोरिया और गेहूं के बीज निशुल्क तथा 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया जारी है।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि तोरिया, चना, मटर और सरसों के बीज जनपद में पहुंच चुके हैं। इनका वितरण जल्द ही राजकीय कृषि बीज गोदामों के माध्यम से किसानों को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निशुल्क वितरित किए जाने वाले मिनीकिट बीजों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी है, जबकि 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध सामान्य बीजों की बुकिंग अभी काफी शेष है।

उन्होंने बताया कि गेहूं के निर्धारित 53,070 पैकेट के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 16,492 पैकेट, चना के 1,538 के सापेक्ष 595, सरसों के 600 के सापेक्ष 225 तथा मसूर के 1,462 पैकेट के लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 225 पैकेट की ऑनलाइन बुकिंग हुई है।

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि अंतिम समय की आपाधापी और बीज की संभावित कमी से बचने के लिए जल्द से जल्द विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कराएं और सरकारी अनुदान का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि रबी फसलों की समय से बुआई बेहतर उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए किसान निर्धारित समय पर बीज की व्यवस्था सुनिश्चित करें।