किसान दिवस में समस्याओं पर भड़के डीएम, बंधी डिवीजन के एई को लगाई कड़ी फटकार

4

किसान दिवस में समस्याओं पर भड़के डीएम, बंधी डिवीजन के एई को लगाई कड़ी फटकार

चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने सिंचाई, बिजली, पेयजल और जल निकासी समेत विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान बंधी डिवीजन के सहायक अभियंता (एई) द्वारा जिम्मेदारी के अनुरूप कार्रवाई न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं और उनका त्वरित निस्तारण संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

किसानों ने कटशीला से जमुनीपुर माइनर की साफ-सफाई नहीं होने का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को माइनर की सफाई कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

किसान दिवस में बिजली आपूर्ति, लो-वोल्टेज, जल निगम की पेयजल व्यवस्था, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के ड्रेनों की सफाई और पुरानी नहरों के रेनोवेशन से संबंधित समस्याएं भी उठीं।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को सिंचाई एवं बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

वहीं मरुई गांव में गढ़ई के कुछ हिस्से को पाटकर अवैध कब्जा किए जाने के मामले में कुछ लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने कब्जे में संलिप्त सभी लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसान दिवस में किसानों द्वारा उठाई गई प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लिया जाए और उसका समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा सहित विद्युत, सिंचाई एवं कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।