चक्रवाती तूफान की चिंगारी से गरीब परिवार की गृहस्थी राख, युवक गंभीर रूप से झुलसा, मुआवजे की मांग तेज
चंदौली : बुधवार की देर शाम प्रदेश सहित पूरे पूर्वांचल में आए चक्रवाती तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज आंधी और आग की चिंगारियों ने कई इलाकों में तबाही मचाई। इसी क्रम में चकिया कोतवाली क्षेत्र के बनरसिया गांव में एक गरीब परिवार का आशियाना और पूरी गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बनरसिया गांव निवासी बाबूलाल प्रजापति के घर में सिवान की ओर जल रही आग की चिंगारी तेज हवा के साथ पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा करीब 90 हजार रुपये नकद, लगभग 10 क्विंटल राशन, बर्तन, चारपाई, चौकी, भूसा समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।
अग्निकांड में घर में बंधी एक पड़िया गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि एक बछड़ा जिंदा जल गया। पशुओं को बचाने के प्रयास में बाबूलाल प्रजापति के 26 वर्षीय पुत्र रजनीकांत प्रजापति भी गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, पाइप तथा मोटर की मदद से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
सूचना पर इलिया थाना पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल रजनीकांत को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। जिस आंगन में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ राख और टूटी उम्मीदें बची हैं। परिवार के सामने भोजन, आवास और रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। महिलाएं और बच्चे खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं।
घटना के बाद गांव में भय और मायूसी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, राशन, आवास और पशुहानि का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
आग लगने की सूचना पर चकिया तहसील से पहुंचे राजस्व कर्मी अखिलेश कुमार ने मौके का निरीक्षण कर क्षति का आंकलन किया और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजते हुए पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हौसिला यादव समेत ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।









