चकिया में नए एसडीएम की एंट्री, व्यवस्था सुधार पर रहेगा फोकस

542

चकिया में नए एसडीएम की एंट्री, व्यवस्था सुधार पर रहेगा फोकस

चंदौली : जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए चकिया तहसील में नए उपजिलाधिकारी की तैनाती की है। इसके तहत पवन कुमार यादव ने चकिया उपजिलाधिकारी (एसडीएम) का कार्यभार विधिवत संभाल लिया है।

एसडीएम विनय कुमार मिश्रा को कलेक्ट्रेट की जिम्मेदारी

पूर्व में चकिया में तैनात उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा को उनके पद से हटाकर कलेक्ट्रेट में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि उन्हें वित्तीय कार्यों से संबंधित दायित्व नहीं दिया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव को जनपद में कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कानून-व्यवस्था और राजस्व पर जोर

कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत उपजिलाधिकारी पवन कुमार यादव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, राजस्व कार्यों में तेजी लाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी।

जनसमस्याओं के समाधान पर फोकस

उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही तहसील स्तर पर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए जाएंगे।

नए एसडीएम से बढ़ी उम्मीदें

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी नए उपजिलाधिकारी से क्षेत्र के विकास कार्यों में गति लाने और जनसमस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई है। प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और उम्मीद की जा रही है कि नए एसडीएम के नेतृत्व में चकिया तहसील में प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलेगी।