चंदौली में प्रशासनिक फेरबदल, दो तहसीलों के एसडीएम बदले, नए अधिकारियों की तैनाती से हलचल तेज

459

चंदौली में प्रशासनिक फेरबदल, दो तहसीलों के एसडीएम बदले, नए अधिकारियों की तैनाती से हलचल तेज

चंदौली : जनपद में एक अहम प्रशासनिक बदलाव करते हुए जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग ने दो प्रमुख तहसीलों चंदौली (सदर) और चकिया के उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इस निर्णय के बाद प्रशासनिक महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर सदर तहसील की एसडीएम दिब्या ओझा को सकलडीहा में एसडीएम न्यायिक के पद पर तैनात किया गया है। वहीं सकलडीहा में तैनात न्यायिक एसडीएम पवन यादव को चकिया तहसील का नया एसडीएम बनाया गया है। इस बदलाव को प्रशासनिक संतुलन और कार्यप्रणाली में सुधार के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।

इसी क्रम में चकिया के एसडीएम रहे विनय कुमार मिश्रा को कलेक्ट्रेट में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, उन्हें कलेक्ट्रेट के वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी नहीं दी गई है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि उनकी भूमिका सीमित प्रशासनिक कार्यों तक ही रहेगी।

वहीं कलेक्ट्रेट के वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी पूर्ववत विजय कुमार त्रिवेदी के पास ही बनी रहेगी। उन्हें अब सदर तहसील का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है, जिससे उनकी जिम्मेदारियों में और विस्तार हुआ है।

इस अचानक हुए फेरबदल ने जिले के प्रशासनिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। खासतौर पर दो तहसीलों के एसडीएम को एक साथ हटाए जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।

स्थानीय स्तर पर इस बदलाव को आगामी प्रशासनिक चुनौतियों और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना यह होगा कि नए तैनात अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में किस तरह की कार्यशैली अपनाते हैं और इसका आमजन पर क्या प्रभाव पड़ता है।