छठ पूजा जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, तीन की मौत, गांव में मचा कोहराम

240

छठ पूजा जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, तीन की मौत, गांव में मचा कोहराम

चंदौली : जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह छठ पूजा के अवसर पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पचफेड़वा के पास छठ घाट की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के समूह को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान कुमारी देवी (45 वर्ष), चांदनी देवी (30 वर्ष) और सात वर्षीय सौरभ कुमार के रूप में हुई है। तीनों मृतक रेवसा पचफेड़वा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अज्ञात वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी श्रद्धालु सुबह-सुबह घाट की ओर छठ मैया को अर्घ्य देने के लिए जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया।

छठ की खुशियां मातम में बदली

हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। छठ की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है। आसपास के टोल प्लाजा और सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।