चंदौली में सड़क हादसे में प्रशासनिक अधिकारी की दर्दनाक मौत, महकमे में शोक की लहर
चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के पचफेड़ा गांव के समीप नेशनल हाईवे पर बुधवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसे में कलेक्ट्रेट में तैनात प्रशासनिक अधिकारी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अधिकारी कृष्ण कुमार श्रीवास्तव (58 वर्ष) अपनी बाइक से वाराणसी स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की खबर मिलते ही कलेक्ट्रेट परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अधिकारी के निधन की सूचना पर एडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।
थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान कलेक्ट्रेट में तैनात अधिकारी के रूप में हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।


















