चंदौली में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, कानून व्यवस्था व महँगाई को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
चंदौली : ज़िला कांग्रेस कमेटी चंदौली की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को ज़िला कांग्रेस कमेटी कार्यालय चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में ज़िलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, जनसमस्याओं और आगामी आंदोलनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। चंदौली सहित पूरे उत्तर प्रदेश में हत्या, बलात्कार और अपराध की घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार को आम जनता से जुड़े मूलभूत मुद्दों – बेरोज़गारी, महँगाई, किसानों की बदहाली और युवाओं के भविष्य – से कोई सरोकार नहीं है। सरकार गाँव, ग़रीब, किसान, मज़दूर, छोटे दुकानदार और आम आदमी के हितों की अनदेखी कर रही है। यह सरकार दिन-रात केवल कुछ चुनिंदा खरबपतियों के लिए काम कर रही है और आम जनता के हक़-अधिकार छीनकर बड़े पूंजीपतियों को सौंप रही है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ज़िलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को समाप्त कर ग़रीबों को भुखमरी की ओर धकेलने की है। कांग्रेस पार्टी मनरेगा को खत्म करने के किसी भी प्रयास का डटकर विरोध करेगी। इसके खिलाफ ग्रामसभा और मंडल स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान व विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे, ताकि लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठा सकें।
ज़िलाध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि 8 फ़रवरी को वाराणसी में होने वाली कांग्रेस रैली में चंदौली जनपद से हज़ारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक भाग लेंगे। साथ ही, जनपद चंदौली में ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था के विरोध में 7 फ़रवरी को कांग्रेस द्वारा विरोध मार्च निकाला जाएगा।
संगठन की समीक्षा करते हुए अरुण द्विवेदी ने कहा कि चंदौली में कांग्रेस पार्टी समर्पित नेताओं और कार्यकर्ताओं के दम पर लगातार मज़बूत हो रही है। आम जनता कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा की ओर उम्मीद भरी नज़रों से देख रही है, जिससे आने वाले समय में संगठन और अधिक सशक्त होगा।
बैठक में प्रमुख रूप से गंगा प्रसाद, सतीश बिंद, दया राम पटेल, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, हम्मीर शाह, नवीन पाण्डेय, परमहंस सिंह राजपूत, दिलीप यादव, कांत पाठक, दीनदयाल विश्वकर्मा, प्रेमचंद गुप्ता, अखिलेश्वर पाठक, अमरदेव राम, अनिल श्रीवास्तव, राकेश सिंह, राकेश पाठक, राज किशोर सिंह, चंद्रशेखर तिवारी, योगेंद्र सिंह, निखिल सिंह, पंकज तिवारी, विजय कुमार, शमशेर खां, संतोष चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन ज़िला प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने किया।


















