किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को सौंपा
चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली ने शनिवार को जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान, मजदूर, छात्र और युवा गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन कम कीमत पर अधिग्रहित की जा रही है, कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी हुई है तथा भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि थाना और तहसील व्यवस्था बिना पैसे के काम नहीं करती, जबकि पेपर लीक और बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि धान की रोपाई का समय निकट होने के बावजूद नहरों में पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और जनपद के अधिकांश पंप कैनाल बंद पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हैं, जबकि बिजली बिल, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है।
उन्होंने बरहनी ब्लॉक में किसानों की बिना सहमति भूमि अधिग्रहण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण अधिनियम-2013 का पालन नहीं किया जा रहा है। साथ ही गड़ई नदी की खुदाई में भ्रष्टाचार और धन के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।
अरुण द्विवेदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन कार्यक्रम में विजय त्रिपाठी, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, तौफीक खान, राजेंद्र गौतम, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, भवानी शरण सिंह, राहुल परमहंस सिंह राजपूत, शिवेंद्र मिश्रा, कुलदीप वर्मा, गुलाब राम, नेहाल अख्तर, श्रीकांत पाठक, असगर अली, दीनदयाल विश्वकर्मा, बदरुद्दुजा अंसारी, संजय मिश्रा, संतोष चौबे, पंकज तिवारी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















