घर के बाहर सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या, चकिया क्षेत्र में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

26

घर के बाहर सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या, चकिया क्षेत्र में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : चकिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया कला गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक युवक का रक्तरंजित शव मिला। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान बृजेश यादव उर्फ बेचई यादव (34 वर्ष), पुत्र रामचंद्र यादव निवासी जोगिया कला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बृजेश शुक्रवार रात भोजन करने के बाद घर के बाहर चारपाई पर सोने चले गए थे। शनिवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो चारपाई पर उनका शव पड़ा मिला। गर्दन पर कई गहरे घाव के निशान देखकर परिजनों के होश उड़ गए और गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) चकिया रघुराज ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम जोगिया कला में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना पर तत्काल थाना चकिया पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि मृतक बृजेश यादव उर्फ बेचई यादव रात में घर के बाहर सो रहे थे, तभी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी गई।

सीओ ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा भी पुलिस ने किया है।

इस निर्मम हत्या से पूरे जोगिया कला गांव में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।