चहनियां लूटकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक बदमाश घायल, पुलिस ने साथी को भी दबोचा

125

चहनियां लूटकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक बदमाश घायल, पुलिस ने साथी को भी दबोचा

चंदौली : जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चहनियां लूटकांड का एक आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भागने की कोशिश के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मुठभेड़ में बदमाश की गोली एक उपनिरीक्षक के हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए।

सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर से बदमाशों तक पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 05:30 बजे बलुआ पुलिस क्षेत्र में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में चेकिंग और निगरानी अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चहनियां लूटकांड में शामिल दो बदमाश मोटरसाइकिल से वाराणसी की ओर भागने की फिराक में हैं। पुलिस पहले से ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी तथा उनकी मोटरसाइकिल का नंबर भी पुलिस के पास मौजूद था।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली

सूचना के आधार पर बलुआ पुल के पास पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू, पुत्र स्वर्गीय अशोक पाण्डेय, निवासी थाना धानापुर के दाहिने पैर की जांघ के नीचे लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

वहीं उसका साथी आकाश राम (24 वर्ष) पुत्र बब्बन राम, निवासी महुअर कला थाना बलुआ, मौके का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया।

बदमाश की गोली से उपनिरीक्षक जमिलुद्दीन बाल-बाल बचे

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली उपनिरीक्षक जमिलुद्दीन के हाथ को छूते हुए निकल गई। हालांकि वह सुरक्षित रहे और किसी बड़ी अनहोनी से बच गए।
घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध तमंचा, दो कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (पल्सर) व 2500 रुपया नगद बरामद की है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

3 जून को चहनियां लूटकांड में शामिल थे दोनों आरोपी

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का संबंध 3 जून को चहनियां बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक के पास हुई लूट की घटना से है। उस घटना में बदमाशों ने एक युवक को असलहा दिखाकर उसका मोबाइल फोन और लगभग 3,200 रुपये नकद लूट लिए थे और फरार हो गए थे। तभी से पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस पूछताछ में खुल सकते हैं कई और वारदातों के राज

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। वहीं बरामद हथियार और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।