दबदबा बनाने की चाह ने दिखाया जेल का रास्ता, अवैध तमंचे संग युवक गिरफ्तार

117

दबदबा बनाने की चाह ने दिखाया जेल का रास्ता, अवैध तमंचे संग युवक गिरफ्तार

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के महुअर कला गांव में अवैध हथियार रखने का शौक एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि महुअर कला गांव स्थित ब्रह्म स्थान पर एक युवक अवैध तमंचे के साथ खड़ा है और लोगों को डराने-धमकाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही युवक सकपका गया, जिसके बाद उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान युवक के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान आकाश कुमार निवासी महुअर कला गांव के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने यह तमंचा लोगों पर रौब गांठने, डराने-धमकाने और इलाके में दबदबा बनाए रखने के लिए रखा था।

इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम में थाना प्रभारी अतुल कुमार के साथ चौकी इंचार्ज यज्ञ नारायण यादव, हेड कांस्टेबल जलभरत यादव, दीपचंद गिरी, पदमदेव पाण्डेय, किशोरी लाल और कांस्टेबल अनुज वर्मा शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल बना हुआ है।