चंदौली में सनसनी, साइकिल सवार युवक की गोली मारकर हत्या, एसपी ने जांच के लिए कई टीमें लगाईं
चंदौली : जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े साइकिल सवार युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप साइकिल से जा रहे एक व्यक्ति पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चतुर्भुजपुर निवासी 38 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई तथा साक्ष्य एकत्र करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि थाना अलीनगर क्षेत्र के पटपरा गांव के पास एक व्यक्ति को अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो मुगलसराय क्षेत्र के निवासी हैं। उनके परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है।
एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसओजी सहित कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का सफल खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


















