धनरियां माइनर की बदहाली पर किसानों का प्रदर्शन, रोपाई से पहले सफाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी

8

धनरियां माइनर की बदहाली पर किसानों का प्रदर्शन, रोपाई से पहले सफाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी

चंदौली : किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तपती धूप के बीच बरांव गांव स्थित धनरियां माइनर की बदहाल स्थिति को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि मुख्य राइट कैनाल से निकली धनरियां माइनर वर्षों से उपेक्षा का शिकार है, जबकि दर्जनों गांवों की सिंचाई इसी पर निर्भर है।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह और सुरेश मौर्य ने मौके पर पहुंचकर माइनर का निरीक्षण किया। इस दौरान किसान मनोज कुमार गुप्ता और दिलीप शर्मा ने बताया कि बरांव गांव के दक्षिणी हिस्से में सिंचाई विभाग कभी-कभार सफाई कराता है, लेकिन गांव के पुल के उत्तर दिशा में पिछले लगभग 40 वर्षों से कोई सफाई नहीं हुई है।

किसानों के अनुसार माइनर में बांस, बबूल, कनेर, बकाइन के पेड़ और खरपतवार इस कदर फैल चुके हैं कि नहर पूरी तरह जाम हो गई है। जरूरत के समय खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाता, जबकि रबी सीजन में पानी का दबाव बढ़ने पर नहर की पटरी टूट जाती है, जिससे मसूर, चना, मटर, सरसों और गेहूं जैसी फसलें जलभराव से बर्बाद हो जाती हैं।

संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि सरकार अरबों रुपये की लागत से हाईवे और एक्सप्रेस-वे का निर्माण करा रही है, लेकिन किसानों की सिंचाई व्यवस्था की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद नहर सफाई का रोस्टर नवंबर-दिसंबर में कर दिया गया, जबकि यह कार्य पहले अप्रैल-मई में होता था, जो किसानों के हित में अधिक उपयोगी था।

उन्होंने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग के अधिकारी धनरियां माइनर की नियमित देखभाल नहीं करते हैं, जिसके कारण किसानों को हर वर्ष परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन के दौरान किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि यदि धान की रोपाई से पहले माइनर की सफाई और अतिक्रमण हटाने का कार्य नहीं कराया गया तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना, अनशन और भूख हड़ताल शुरू करेगा।

संगठन मंत्री ने बताया कि इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता को मामले की गंभीरता से अवगत करा दिया गया है।

प्रदर्शन में सुरेश मौर्य, श्री प्रकाश सिंह, कैलाश नाथ, मनोज कुमार गुप्ता, सत्यम कुमार, दिलीप शर्मा, बसंतू, अर्जुन विश्वकर्मा, शुभम मदेशिया, गुड्डू खरवार, रमेश गुप्ता, शंभू चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दूखंतू मौर्य ने की, जबकि संचालन राम अवध सिंह ने किया।