तहसील सदर में जिलाधिकारी व एसपी ने सुनी जनसमस्याएं, 95 शिकायतों में 6 का मौके पर हुआ निस्तारण
चंदौली : जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास एवं समाज कल्याण विभाग से जुड़े मामलों की अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्रामीणों ने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जा, चकमार्ग की पैमाइश तथा राशन कार्ड संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष पैमाइश कराने और विवाद का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 95 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी मानसून को देखते हुए सदर तहसील परिसर एवं आसपास की नालियों की विशेष सफाई कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर विजय कुमार त्रिवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर, डीसी मनरेगा, बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, पीओ डूडा राजेश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता विद्युत, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


















