औचक निरीक्षण में परखी गई जनगणना प्रशिक्षण की तैयारी, 1417 कार्मिकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
चंदौली : सकलडीहा इंटर कॉलेज में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यशाला का शनिवार को उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर एवं तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं तथा कार्मिकों की तैयारियों को बारीकी से परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रगणकों को दिए गए सटीकता और जिम्मेदारी के निर्देश
उपजिलाधिकारी ने प्रगणकों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी जिम्मेदारी और सटीकता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारियों को गंभीरता से आत्मसात करने पर जोर दिया।
1417 कार्मिकों की ड्यूटी, 29 बैचों में चल रहा प्रशिक्षण
गौरतलब है कि जनगणना कार्य के लिए कुल 1417 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें 1215 प्रगणक एवं 202 सुपरवाइजर शामिल हैं। इन सभी को 29 बैचों में प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है। पहले चरण में सात बैचों के 343 कार्मिकों का प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया।
सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चला प्रशिक्षण सत्र
पहले बैच का प्रशिक्षण 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें कार्मिकों को मकानों की गणना से संबंधित बारीकियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना प्रशिक्षण का यह क्रम 2 मई तक जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सुपरविजन अधिकारी राकेश सिंह यादव, ट्रेनर अभिषेक सिंह, चंद्रशेखर सिंह, विनय मिश्रा, प्रिंस गुप्ता, सुनील यादव सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।


















