कांग्रेस बैठक में अस्पताल मुद्दे पर बड़ा फैसला, जिला अस्पताल बचाने को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस

65

कांग्रेस बैठक में अस्पताल मुद्दे पर बड़ा फैसला, जिला अस्पताल बचाने को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस

चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक शुक्रवार को चन्द्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, पार्टी कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल के अस्तित्व से छेड़छाड़ की गई तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

जिला अस्पताल बचाओ आंदोलन की तैयारी

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि पार्टी कार्यकर्ता आम जनता के साथ सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेंगे और सरकार को अस्पताल को उसके मूल स्वरूप में बनाए रखने के लिए मजबूर करेंगे।

डॉक्टरों के तबादलों पर कांग्रेस का तीखा विरोध

उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ के लगातार हो रहे स्थानांतरण तथा सुविधाओं में कटौती से यह प्रतीत होता है कि सरकार अस्पताल को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी किसी भी हाल में इस मंशा को सफल नहीं होने देगी और जल्द ही “जिला अस्पताल बचाओ आंदोलन” शुरू किया जाएगा।

इन नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन

बैठक के दौरान जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश सचिव जमशेद अहमद ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। साथ ही छात्र नेता ज्ञान सिंह भी कांग्रेस में शामिल हुए।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रजनीकांत पांडेय, रामनंद यादव, सतीश बिंद, गंगा प्रसाद, शिवतपस्या तिवारी, नवीन पांडेय, चंद्रवंश यादव, श्रीकांत पाठक, अमरदेव राम, दिलीप यादव, दीनदयाल विश्वकर्मा, राजू कुमार, अनिल श्रीवास्तव, राकेश पाठक, राकेश सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।