चंदौली में ‘खलनायक’ बयान पर सियासी बवाल, सपा के पूर्व विधायक और ब्लॉक प्रमुख आमने-सामने

1302

चंदौली में ‘खलनायक’ बयान पर सियासी बवाल, सपा के पूर्व विधायक और ब्लॉक प्रमुख आमने-सामने

चंदौली : जनपद की राजनीति में एक बयान ने हलचल मचा दी है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू द्वारा धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह को ‘खलनायक’ कहे जाने पर विवाद गहराता जा रहा है। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और समर्थकों के बीच नाराजगी साफ देखी जा रही है।

सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा वायरल

बताया जा रहा है कि बीते 1 अप्रैल को धानापुर स्थित सपा कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अजय सिंह को ‘खलनायक’ कहकर संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद ब्लॉक प्रमुख के समर्थकों ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

सोशल मीडिया पर लोग दे रहे नसीहत

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई लोगों ने इस टिप्पणी को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए पूर्व विधायक को मर्यादा में रहने की नसीहत दी है। समर्थकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक मंच से इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए, क्योंकि इससे राजनीतिक गरिमा को ठेस पहुंचती है।

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का बयान

वहीं, इस पूरे मामले पर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी जानकारी में अजय सिंह का उपनाम ‘खलनायक’ ही है और क्षेत्र में लोग उन्हें इसी नाम से जानते हैं। उन्होंने कहा कि अगर अजय सिंह को इस नाम से आपत्ति है तो वे औपचारिक रूप से अपना नाम बदलवा सकते हैं और समाज में इसकी घोषणा कर सकते हैं।

ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह की प्रतिक्रिया

दूसरी ओर, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने इस बयान पर संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूर्व विधायक के बोलने का लहजा उचित नहीं था, जो उनके समर्थकों को नागवार गुजरा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से किसी भी व्यक्ति की आलोचना या विरोध मर्यादा के दायरे में रहकर ही किया जाना चाहिए।

अजय सिंह ने यह भी कहा कि यदि पूर्व विधायक को लगता है कि उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात स्पष्ट करते हुए बयान वापस लेने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए।

इस बयान के बाद जिले की सियासत में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और भी तीखी हो सकती हैं।