चंदौली में प्रशासन का सख्त एक्शन, भरण-पोषण बकाया पर दो बकाएदारों की जमीन कुर्क, 21 दिन बाद होगी नीलामी

370

चंदौली में प्रशासन का सख्त एक्शन, भरण-पोषण बकाया पर दो बकाएदारों की जमीन कुर्क, 21 दिन बाद होगी नीलामी

चंदौली : जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने भरण-पोषण के बकाए को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बकाएदारों की जमीन कुर्क कर दी। एसडीएम सकलडीहा कुन्दन राज कपूर के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अन्य बकाएदारों में भी खलबली देखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरसण्ड मोहनपुर गांव निवासी राजेश्वर के पुत्र गौरव बाबू पर परिवार न्यायालय द्वारा 71,500 रुपये का भरण-पोषण बकाया था। यह मामला उनकी पत्नी प्रतिमा द्वारा दाखिल किया गया था। वहीं, विशेश्वरपुर मटिहर गांव के संग्राम यादव के पुत्र रविशंकर पर भी 1.83 लाख रुपये का बकाया चल रहा था।

नोटिस, आरसी और वारंट के बाद सख्त कार्रवाई

तहसील प्रशासन ने दोनों बकाएदारों को कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया था, लेकिन उन्होंने लगातार अनदेखी की। इसके बाद प्रशासन ने आरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) जारी किया, जिसे भी नजरअंदाज कर दिया गया। मामला यहीं नहीं रुका जब वारंट जारी हुआ तो दोनों आरोपी फरार हो गए।

21 दिन बाद कुर्क जमीन की होगी नीलामी

लगातार अवहेलना के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूर्व सूचना के आधार पर दोनों बकाएदारों के वैधानिक हिस्से की जमीन को कुर्क कर लिया। एसडीएम कुन्दन राज कपूर ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की जाती है, तो कुर्क की गई जमीन को 21 दिनों बाद विधिक प्रक्रिया के तहत नीलाम कर दिया जाएगा।

प्रशासन का संदेश साफ

तहसील प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जाएंगे। भरण-पोषण जैसे संवेदनशील मामलों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, राजस्व कर्मी बिहारी यादव और रोहित सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।