स्वतंत्रता दिवस पर अलर्ट मोड, डीडीयू जंक्शन पर कड़ी सुरक्षा, सघन तलाशी अभियान
चंदौली : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र डीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। गुरुवार को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पूरे स्टेशन परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, सामान और संवेदनशील स्थानों की बारीकी से तलाशी ली गई।
डीडीयू जंक्शन से रोजाना दर्जनों ट्रेनों का देश के विभिन्न हिस्सों में आवागमन होता है, जिससे यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक रहती है। सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चेकिंग के दौरान स्टेशन परिसर, यार्ड और प्रमुख दफ्तरों की तलाशी ली गई, जिसमें डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली गई।
सुरक्षा बलों को न केवल वर्दी में बल्कि सादे वेश में भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि यात्रियों की गतिविधियों पर पैनी नज़र रखी जा सके। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के ज़रिये चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। प्रशासन का साफ संदेश है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।


















