मुगलसराय डीडीयू मण्डल में चलाया गया मेगा टिकट चेकिंग अभियान, बिना टिकट के पकड़े गए 900 यात्री, चार लाख वसूला गया जुर्माना
रिपोर्ट : पवन पाण्डेय
चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय में डीडीयू मण्डल के विभिन्न स्टेशनों पर शुक्रवार को टिकट चेकिंग के मेगा अभियान चलाया गया. इस विशेष अभियान के दौरान बिना टिकट या उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले 900 यात्रियों को पकड़ा गया. साथ ही इनसे जुर्माना के रूप में चार लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया गया.

मेगा टिकट चेकिंग ड्राइव चलाया गया अभियान
पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के निर्देश पर डीडीयू मण्डल द्वारा शुक्रवार को मंडल के सभी रेल खंडो में पूरे दिन टिकट चेकिंग के मेगा ड्राइव अभियान चलाया गया. इस अभियान में डीडीयू मण्डल के वाणिज्य अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग और आरपीएफ कर्मी तैनात रहे. विभिन्न दिशाओं से आवागमन करने वाली ट्रेनों, स्टेशनों के प्लेटफार्म फुटओवर ब्रिज, प्रवेश और निकास स्थानों पर सघन जांच की गई. विशेष रूप से पैसेंजर ट्रेनों, इंटरसिटी ट्रेनों और अनारक्षित श्रेणी के कोचों में गहन चेकिंग की गई. अभियान के दौरान टिकट काउंटरों पर बढ़ी हुई भीड़ देखी गई और यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता का प्रसार किया गया.

डीडीयू मण्डल अधिकारियों ने की अपील
इस तरह के मेगा टिकट चेकिंग अभियान मंडल में आगे भी जारी रहेंगे. यात्रियों से अनुरोध है कि बिना टिकट कभी भी रेल यात्रा न करें. यह दंडनीय अपराध है. रेलवे का सहयोग करें और सभी की सुविधा हेतु सदैव रेल टिकट लेकर चयनित श्रेणी में ही रेल यात्रा करें.


















