विश्व पर्यावरण दिवस पर चहनियां ब्लॉक में पौधरोपण कार्यक्रम, दिया गया प्रकृति संरक्षण का संदेश

68

विश्व पर्यावरण दिवस पर चहनियां ब्लॉक में पौधरोपण कार्यक्रम, दिया गया प्रकृति संरक्षण का संदेश

चंदौली : पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को चहनियां ब्लॉक मुख्यालय परिसर में एक विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर आम, अमरूद, नीम, आंवला जैसे फलदार और छायादार वृक्षों के दर्जनों पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल और वन क्षेत्राधिकारी नित्यानंद पाण्डेय ने सहभागिता की। दोनों ने अपने हाथों से पौधरोपण कर पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया और इसके महत्व को विस्तार से बताया। कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण से हुई, इसके बाद परिसर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, प्लास्टिक उपयोग में कटौती और कचरा प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर विचार साझा किए।

प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सभी को मिलकर करना होगा कार्य – ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल

ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल ने कहा,
“वृक्ष मानव जीवन चक्र का मूल आधार हैं। यह केवल ऑक्सीजन और फल ही नहीं देते, बल्कि पृथ्वी के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने में भी इनकी भूमिका अतुलनीय है। आज जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण जैसी समस्याओं से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय पौधरोपण है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त समाज की दिशा में यह छोटी-छोटी पहलें भी बड़ा बदलाव ला सकती हैं।”

वन क्षेत्राधिकारी नित्यानंद पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा, “आज का दिन सिर्फ पौधे लगाने का नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और निभाने का भी है। हम सभी को यह समझना होगा कि यदि हम प्रकृति के साथ तालमेल नहीं बैठाएंगे, तो भविष्य असंतुलित और संकटग्रस्त होगा।”

इस अवसर पर अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पर्यावरण को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में ज्वाइंट वीडियो ओमप्रकाश, एकाउंटेंट जितेंद्र कुमार, संतोष मिश्रा, चंदन जायसवाल, अमित पाण्डेय, उत्तम सिंह, अनीश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि वे न केवल पौधे लगाएंगे, बल्कि उन्हें संरक्षित भी करेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।

चहनियां ब्लॉक में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल पर्यावरण जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि सामूहिक भागीदारी के जरिए समाज को एक सकारात्मक दिशा देने का प्रयास भी सिद्ध हुआ।