चंदौली में तेज आंधी और तूफानी हवाओं का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

354

चंदौली में तेज आंधी और तूफानी हवाओं का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

चंदौली : जनपद चंदौली समेत पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने चंदौली में तेज आंधी और झोंकेदार हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार जिले में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि झोंकों की गति बढ़कर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग की चेतावनी में चंदौली के अलावा वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और अलीगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।

संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि आंधी और तेज हवाओं के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें।

प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि लोग पेड़ों, बिजली के खंभों और बड़े होर्डिंग्स के नीचे खड़े न हों। कच्चे मकानों और टीन-शेड में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं या अपने आश्रय की मजबूती सुनिश्चित करें। साथ ही मोबाइल फोन चार्ज रखें, टॉर्च और जरूरी सामान तैयार रखें तथा बिजली के उपकरणों को बंद कर दें।

यात्रा करने वालों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि तूफानी हवाओं के दौरान सड़क पर होने पर वाहन सुरक्षित स्थान पर रोक दें। खुले मैदानों, खेतों और जल स्रोतों के पास जाने से बचें तथा कांच की खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें।

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों और अपुष्ट संदेशों से बचने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।