चंदौली में बी.एड. प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी, 31 मई को 14 केंद्रों पर 6320 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

40

चंदौली में बी.एड. प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी, 31 मई को 14 केंद्रों पर 6320 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

चंदौली : उत्तर प्रदेश बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026-27 को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा की अध्यक्षता में प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था तथा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिले के सभी 14 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों, केंद्र प्रतिनिधियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं पर्यवेक्षकों को परीक्षा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सतर्कता बरतने, समयबद्ध तरीके से कार्य करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने को कहा।

नोडल अधिकारी एवं सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रदीप कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6320 छात्र-छात्राएं दो पालियों में बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शासन स्तर से भी लगातार सहयोग और निर्देश प्राप्त हो रहे हैं। बैठक में सभी परीक्षा केंद्रों के प्राचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।