उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें : मुख्य विकास अधिकारी

26

उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें : मुख्य विकास अधिकारी

चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को उद्योग बंधु की बैठक मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के उद्यमियों एवं व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में सीसी रोड निर्माण के बाद उत्पन्न हुई विद्युत समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। उद्यमियों ने बताया कि सड़क की ऊंचाई बढ़ जाने से बिजली के खंभे और तार नीचे हो गए हैं, जिसके कारण फैक्ट्री परिसर में आने वाले लोडेड ट्रकों के ऊपर का हिस्सा बिजली के तारों से टकराने की स्थिति में रहता है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम चंदौली को निर्देशित किया कि पुनः आगणन तैयार कर क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा वाराणसी से समन्वय स्थापित करें तथा अगली बैठक से पूर्व मामले का समाधान सुनिश्चित कराएं।

इसके अलावा रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन द्वारा औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के मुख्य प्रवेश मार्ग की समस्या भी उठाई गई। उद्यमियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंचने के लिए लंका-अलीनगर मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है, जो अत्यंत संकरा है। लगभग 900 मीटर लंबे इस मार्ग से भारी वाहनों और ट्रकों का आवागमन कठिन हो रहा है। एसोसिएशन ने सड़क चौड़ीकरण की मांग की ताकि औद्योगिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग एवं क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा वाराणसी को निर्देशित किया कि लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर प्राक्कलन को शीघ्र स्वीकृत कराया जाए और कार्य प्रारंभ कराया जाए।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र स्थित पार्क में जलभराव और गड्ढों की समस्या भी उठाई गई। उद्यमियों ने बताया कि पार्क में गड्ढे होने के कारण जल जमाव बना रहता है, जिससे आसपास की इकाइयों का वातावरण प्रदूषित हो रहा है और वहां कार्यरत श्रमिकों में संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा वाराणसी को निर्देशित किया कि पार्क का सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग राजधारी प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।