श्रमिकों को अधिकारों की जानकारी देने हेतु दिरेहू में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

34

श्रमिकों को अधिकारों की जानकारी देने हेतु दिरेहू में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

चंदौली : अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर चकिया तहसील क्षेत्र के ग्राम दिरेहू स्थित पंचायत भवन में विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डीपीओ प्रभात कुमार ने की। शिविर में श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के अधिकारियों सहित चकिया एलएसी के सभी पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs) उपस्थित रहे। इस दौरान दलित एवं गरीब वर्ग के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, विधिक सहायता और उनके अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

पैरा लीगल वालंटियर दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि मजदूर देश के विकास की रीढ़ हैं और उनके योगदान को कभी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने मजदूरों के संरक्षण और सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

शिविर में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत और विशेष लोक अदालत से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। बताया गया कि भारत का सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह 2026’ का आयोजन 21 अप्रैल 2026 से शुरू किया गया है, जिसकी परिणति 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत के रूप में होगी। इस दौरान सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक वादकारी अपने मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट www.sci.gov.in⁠ पर उपलब्ध गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

इस अवसर पर अभिषेक कुमार, अंजू शर्मा, रवि कुमार, राजकुमारी सहित अन्य पैरा लीगल वालंटियर्स एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।