चहनियां क्षेत्र में 22 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति, आंधी-पानी से बाधित रहा जनजीवन
चंदौली : चहनियां क्षेत्र में बुधवार को शाम 4 बजे आई तेज आंधी और बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। करीब 22 घंटे तक अंधेरे और परेशानी झेलने के बाद गुरुवार को दोपहर लगभग 2 बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान क्षेत्र के रमौली, मारूफपुर और सुरतापुर गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।
आंधी-पानी की वजह से कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे विद्युत पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। ग्रामीणों को भीषण गर्मी के बीच पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य आवश्यक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। टूटे हुए पोल और तारों को दुरुस्त करने के लिए कर्मचारियों ने लगातार प्रयास किया।
गुरुवार को दोपहर बाद करीब 2 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। विद्युत विभाग के एक्सईएन नरेश कुमार, एसडीओ सुधीर कुमार और जेई सुभाष यादव, जेई संतोष कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर मरम्मत कार्य की निगरानी करते रहे और टीम के साथ समन्वय बनाकर तेजी से कार्य पूरा कराया।
स्थानीय लोगों ने विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, हालांकि उन्होंने मांग की कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए मजबूत व्यवस्था की जाए, ताकि लंबे समय तक बिजली संकट का सामना न करना पड़े।


















