नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
चंदौली : क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन विधानसभा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही, जहां उन्हें उनके अधिकारों और समाज में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं की भागीदारी जितनी मजबूत होगी, देश उतना ही सशक्त बनेगा।
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि महिलाओं को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए इस तरह के आयोजनों की आवश्यकता है। उन्होंने समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही है और संगठन महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम की संयोजक सभासद ज्योति गुप्ता के नेतृत्व में सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। संचालन पूजा जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर मीना विश्वकर्मा, अनीता शर्मा, सोनाली जायसवाल, नीलम ओहरी, प्रमिला शुक्ला, सुनीता कुमारी, सुशीला गुप्ता और कीर्ति त्रिपाठी सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सशक्तिकरण और समाज में सक्रिय भागीदारी को लेकर जागरूक किया गया।


















