गंगा नदी में दिखा मगरमच्छ, तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल

170

गंगा नदी में दिखा मगरमच्छ, तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल

चंदौली : जनपद के धानापुर क्षेत्र अंतर्गत सोनहुली गांव के पास गंगा नदी में मगरमच्छ देखे जाने से तटवर्ती इलाके में दहशत फैल गई है। शुक्रवार की शाम और शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने गंगा की लहरों के बीच एक विशाल मगरमच्छ को तैरते हुए देखा। देखते ही देखते यह खबर गांव और आसपास के क्षेत्रों में आग की तरह फैल गई।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

ग्रामीणों ने बताया कि पहले तो उन्हें लगा कि शायद गंगा में कोई बड़ा मछली प्रजाति का जीव है, लेकिन जब उसने पानी से सिर बाहर निकाला और धीरे-धीरे तैरने लगा तो लोगों को यकीन हो गया कि यह मगरमच्छ है। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने इस नजारे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में खौफ का माहौल बन गया।

वन विभाग ने की अपील

सूचना पाकर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाते हुए अपील की कि गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, ऐसे में स्नान और जलक्रीड़ा से फिलहाल बचें। वन विभाग ने कहा कि बाढ़ के बाद नदियों में जलीय जीवों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

श्रद्धालुओं में भय का माहौल

गंगा किनारे बसे सोनहुली, धानापुर और आसपास के गांवों के लोग अक्सर गंगा में स्नान और पूजा-पाठ के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। मगरमच्छ की मौजूदगी ने अब श्रद्धालुओं के मन में भय पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले कभी यहां मगरमच्छ नहीं देखा गया था, लेकिन इस बार बाढ़ के बाद हालात बदल गए हैं।

सावधानी बरतने की अपील

वन विभाग ने तटवर्ती गांवों के लोगों को सावधानी बरतने और गंगा स्नान से फिलहाल परहेज करने की हिदायत दी है। वहीं, स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर नदी के गहरे हिस्से या अभयारण्य क्षेत्र में छोड़ दिया जाए, ताकि गांवों के लोग सुरक्षित रह सकें।

गांव के बुजुर्गों का कहना है कि गंगा में मगरमच्छ का दिखना प्राकृतिक संतुलन का संकेत है, लेकिन इंसानों और जलीय जीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।