पंडित कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, विकास पुरुष के रूप में किया याद

16

पंडित कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, विकास पुरुष के रूप में किया याद

चंदौली : पंडित कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान, युवा, बुद्धिजीवी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। लोकगीत कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में पंडित कमलापति त्रिपाठी के पौत्र एवं तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ललितेश पति त्रिपाठी ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि चंदौली पंडित जी की कर्मभूमि रही है और यहां के लोगों का आशीर्वाद उनके परिवार को हमेशा मिलता रहा है। पंडित जी के पदचिह्नों पर चलकर ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर राजनीतिक हित साधने में लगी है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि पंडित कमलापति त्रिपाठी महामानव थे। चंदौली सहित पूरे देश में उन्हें विकास पुरुष के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिस चंदौली में कभी केवल मोतंजा ही उगता था, वहां पंडित जी ने करीब 2400 किलोमीटर नहरों का जाल बिछाकर जिले को ‘धान का कटोरा’ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि पंडित कमलापति त्रिपाठी कांग्रेस के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। राष्ट्रीय राजनीति में उनकी अलग पहचान थी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के साथ-साथ वे पत्रकार भी रहे। चंदौली के लोग उन्हें ‘भागीरथ’ के रूप में याद करते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पंप कैनाल, रेलवे स्टेशन सहित जिले के चहुंमुखी विकास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

इस दौरान बृजेश गुप्ता, नारायण मूर्ति ओझा, मधु राय, डॉ. राम आधार जोसफ, राजेंद्र रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, तरुण पांडेय, राजेंद्र गौतम, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, शशिनाथ उपाध्याय, सतीश बिंद, दयाराम पटेल, तौसीफ, दुर्गादत्त त्रिपाठी, नवीन पांडेय, रत्नेश पाठक, शिवेंद्र मिश्रा, हम्मीर शाह, परमहंस सिंह राजपूत, अरविंद पांडेय, शिवतापस्य तिवारी, संतोष चौबे समेत सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय त्रिपाठी ने किया।