कांग्रेस ने मनाई गांधी और शास्त्री जयंती, सत्य-अहिंसा और सादगी के संदेश को किया याद

19

कांग्रेस ने मनाई गांधी और शास्त्री जयंती, सत्य-अहिंसा और सादगी के संदेश को किया याद

चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की ओर से शुक्रवार को चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन स्थित पार्टी कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के साथ जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक भी आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा तथा शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश आज भी देश के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों ने सादगी, ईमानदारी और देशसेवा की मिसाल कायम की। कांग्रेस उनके बताए आदर्शों के अनुरूप देश में अमन-चैन, भाईचारा और सौहार्द का वातावरण बनाने के लिए कार्य कर रही है।

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही समाज और विश्व के कल्याण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने किसानों के श्रम और जवानों के शौर्य को सम्मान देते हुए देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांत और शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

मासिक बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष ने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से प्रत्येक बूथ पर बूथ अध्यक्ष की तैनाती की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने में जुटे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

इस दौरान मधु राय, तरुण पांडेय, डॉ. राम आधार जोसफ, राजेंद्र गौतम, शीतला प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, गंगा प्रसाद, टीआर दिनकर, जगदीश तिवारी, शिव तपस्या तिवारी, गुलाब राम, बेचन पाठक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।