दलित उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च, भाजपा पर साधा निशाना

17

दलित उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च, भाजपा पर साधा निशाना

चंदौली : उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली ने जोरदार विरोध मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दलित उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

विरोध मार्च में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि भाजपा शासन में दलितों के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में दलित होने के कारण कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया। इसके विरोध में राहुल गांधी द्वारा आवाज उठाए जाने पर उनके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है।

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि जब देश के एक वरिष्ठ दलित नेता के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा सकता है, तो गांव-गरीब के दलितों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दलित उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों पर कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐसी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

विरोध मार्च में मधु राय, डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, रामधार जोसफ, तरुण पांडेय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, गंगा प्रसाद, शशिनाथ उपाध्याय, सतीश बिंद, डॉ. सुल्तान खान, मुनीर खान, गुलाब राम, नवीन पांडेय, कुलदीप वर्मा, शिवेंद्र मिश्रा, राकेश सिंह, राकेश पाठक, योगेंद्र सिंह, रामौतार यादव, राधेश्याम यदुवंशी, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, मदन लाल, मिठाई राम, अनिल कुमार, मोहम्मद गुलाम अली, शमशेर खान, गोविंद यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।