मां काली मंदिर के पास युवक ने लगाई फांसी, मोबाइल स्टेटस से प्रेम प्रसंग का संकेत, परिवार में मचा कोहराम
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के नदेसर मारूफपुर गांव में मंगलवार की अल सुबह एक दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव निवासी 28 वर्षीय विकास मौर्या ने संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के पूर्वी छोर स्थित मां काली मंदिर के पास फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, नदेसर मारूफपुर निवासी विकास मौर्या पुत्र अंगद मौर्या प्रतिदिन की तरह मंगलवार तड़के करीब 4 बजे घर से टहलने के लिए निकला था। परिजनों के अनुसार, कुछ देर बाद परिवार के अन्य सदस्य खेत में लगी सब्जियां तोड़ने के लिए पहुंचे, लेकिन विकास वहां नहीं मिला। इसी दौरान गांव के पूर्वी छोर पर स्थित मां काली मंदिर के पास टहलने गए लोगों की नजर एक युवक पर पड़ी, जो युवकों द्वारा बीम खींचने के लिए लगाए गए बांस के ढांचे पर अपने गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
यह दृश्य देखते ही लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद खेत में काम कर रहे परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक विकास की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के दादा लालजी मौर्या ने बताया कि विकास परिवार के साथ खेती-बाड़ी कर जीवन यापन करता था और रोज की तरह सुबह टहलने निकला था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा।
वहीं बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल फोन पर लगे स्टेटस को देखने से मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग (आशनाई) से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतक की मां बैजन्ती देवी, पत्नी आकांक्षा और भाई विशाल का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं विकास की तीन वर्षीय मासूम बेटी आयुषी, इस दुखद घटना से अनजान, परिवार के सदस्यों की ओर टकटकी लगाए देखती रही—जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।


















