कर्मनाशा नदी किनारे मिला 14 वर्षीय किशोर का शव, दो दिन से था लापता, जांच के जुटी पुलिस

55

कर्मनाशा नदी किनारे मिला 14 वर्षीय किशोर का शव, दो दिन से था लापता, जांच के जुटी पुलिस

चंदौली : जनपद के चकिया क्षेत्र अंतर्गत मंगरौर के पास कर्मनाशा नदी किनारे सोमवार सुबह 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार के कैमूर जनपद के चांद थाना क्षेत्र निवासी रामप्रवेश मौर्य के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की चकिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए कर्मनाशा नदी की ओर गए थे। इसी दौरान नदी किनारे एक किशोर का शव पड़ा दिखाई दिया। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

परिजनों ने बताया कि रामप्रवेश मौर्य पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। बताया जा रहा है कि उसे आखिरी बार मंगरौर स्थित हनुमान मंदिर, मंगरौर के आसपास देखा गया था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।