अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर प्रतिमा की सफाई, दीप जलाकर दिया स्वच्छता का संदेश
चंदौली : अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर चकिया क्षेत्र के दुही-सुही गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की साफ-सफाई कर दीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता का संदेश देते हुए आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के सिद्धांत आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
वहीं नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता और जागरूकता ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता ‘आशु’, सभासद रवि गुप्ता, विजय विश्वकर्मा, मीडिया प्रभारी शुभम मोदनवाल, मंडल महामंत्री सारांश केसरी, सुशील पांडेय, राहुल सोनकर, राजू माली, सुरेश सोनकर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















