शराबी ड्राइवरों पर सख्त कार्रवाई, स्कूली वाहनों की जिम्मेदारी प्रबंधकों पर तय

87

शराबी ड्राइवरों पर सख्त कार्रवाई, स्कूली वाहनों की जिम्मेदारी प्रबंधकों पर तय

चंदौली : जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शराब पीने वाले चालकों को किसी भी हालत में स्कूली वाहन न सौंपा जाए। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित विद्यालय प्रबंधक को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही स्कूली वाहनों के चालकों का पूरा डाटा ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उनकी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

अपर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर बने अवैध कटों को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद कराने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट और रेड स्पॉट चिन्हित कर सात दिनों के भीतर सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सख्ती के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर नियमित चेकिंग कर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल अथवा मृत व्यक्तियों के परिजनों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। ‘राहवीर योजना’ के तहत मिलने वाली सहायता भी शीघ्र दिलाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।

इसके अलावा सड़कों पर बने स्पीड ब्रेकर का पुनः निरीक्षण कर उन पर मानक के अनुसार रंग-रोधन कराने के निर्देश दिए गए, ताकि रात के समय भी वे स्पष्ट दिखाई दें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।